संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से किसान की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन ने फसल खराब होने और कर्ज के चलते आत्महत्या की बात कही।
कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम सिलावन निवासी भरत यादव (36) की बुधवार को विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। मृतक के भांजे पवन के मुताबिक बुधवार को भरत घर पर था। इसी बीच उसने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया।
उसकी हालत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक चार भाई-तीन बहनों में चौथे नंबर का था और उसके एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह दो एकड़ जमीन पर खेती किसानी करता था।