संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दिदहाड़े हुए हमले में घायल घनश्याम यादव की मौत मंगलवार को झांसी के मेडिकल कॉलेज में हो गई। यहां बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शाम को घनश्याम का शव जनपद लाया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में लोग एंबुलेंस में घनश्याम का शव रखकर एसपी आवास पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
सीओ सदर अजय कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। एसपी ने इस मामले में आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने और कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके साथ ही मामले की विवेचना कोतवाली प्रभारी से कराने की बात कही। इसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और शव लेकर अपने गांव बुढ़वार चले गए। आक्रोशित लोग करीब दो घंटे तक सदनशाह चौराहा और जिला महिला अस्पताल की सड़क पर जमे रहे।