ललितपुर। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को वित्त वर्ष 2020-21 का बजट पेश करेंगी। यह उम्मीदों का बजट होगा। रेलयात्री उम्मीद कर रहे हैं कि वित्त मंत्री इस बार रेलवे के लिए खास बजट देंगी। शहर के लोगों को उम्मीद है कि उन्हें इस बार ललितपुर रेलवे स्टेशन को सुविधाओं के अभाव से मुक्ति मिलेगी। साथ ही कई जगह के लिए सीधी ट्रेनें मिलेंगी।
लोगों का कहना है कि स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने के लिए बड़ा प्रतीक्षालय बनाया जाए, जिसमें यात्रियों के लिए मनोरंजन का साधन भी हो। साथ ही उच्च क्लास के शौचालय भी स्टेशन एवं स्टेशन के बाहर बनाएं जाएं, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। स्टेशन के आसपास स्थाई टैक्सी स्टैंड नहीं होने से भी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इससे भी निजात मिलने की उम्मीद लोग जता रहे हैं। जबलपुर-अटारी ट्रेन बंद हो गई है, इसे पुन: सुचारु किया जाए। इंटरसिटी जो झांसी से लखनऊ जाती है, वह ललितपुर से चलवाई जाए। स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराया जाए। जो पुराना फुट ओवरब्रिज है, वह जीआरपी थाने की ओर स्टेशन के बाहर निकाला जाए। इंदौर-पटना एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन ही रुकती है, उसको बढ़ाया जाए। ललितपुर स्टेशन से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेंनों का यहां ठहराव होना चाहिये।
प्लेटफार्म नंबर तीन से भी नेहरू नगर की ओर द्वार होना चाहिए, जिससे नेहरू नगर से आने वाले लोगों को स्टेशन पहुंचने में सहूलियत हो। अटारी एक्सप्रेस बंद हो गई है, इसे पुन: सुचारु किया जाए। इंटरसिटी जो झांसी से लखनऊ जाती है, उसे ललितपुर से चलवाया जाए।
- हरिनारायण कटारे
पुराने फुट ओवरब्रिज को जीआरपी थाने की ओर स्टेशन के बाहर निकाला जाए, जिससे यात्रियों को चक्कर न लगाना पड़े। मंगला और केरला सुपरफास्ट ट्रेनों का ललितपुर में ठहराव होना चाहिए।
- प्रशांत शुक्ला
स्टेशन के आसपास एक भी स्थाई टैक्सी स्टैंड नहीं होने से भी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। यहां स्थाई टैक्सी स्टैंड होना चाहिये। लखनऊ और प्रयागराज के लिए ललितपुर से सीधी ट्रेनों का संचालन किया जाना चाहिए।
- विजय दुबे
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने के लिए प्रतीक्षालय बनाए जाना चाहिए, जिसमें यात्रियों के लिए मनोरंजन का साधन भी हो। यहां पर उच्च क्वालिटी के शौचालयों का निर्माण होना चाहिये। स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए
- रवि रत्नाकर