- चार ग्राम पंचायत जखौरा, कारी पहाड़ी, कड़ेसरा व गेवरा-गुंदेरा का आज करेंगे भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सर्विस डिलीवरी का सुदृढ़ीकरण एवं विभिन्न माध्यमों से अर्जित ओएसआर (ऑन सोर्स रेवन्यू) विषय पर दो दिवसीय आंतरिक एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत आयोजित यह विजिट का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण केंद्र खांदी में किया गया।
प्रशिक्षण/एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम के प्रथम दिवस में जनपद बांदा से आए प्रतिभागियों को पंचायती राज विभाग ने जनपद की ग्राम पंचायतों में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार ग्राम पंचायतों को विभिन्न उपक्रमों के रूप में विकसित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। यह भी साझा किया गया कि अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण, सेवा वितरण में पारदर्शिता एवं दक्षता लाने तथा स्थानीय राजस्व ओएसआर सृजन के नवीन व व्यवहारिक उपायों को अपनाकर ग्राम पंचायतें किस तरह आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकती हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक सत्रों के क्रम में प्रतिभागियों को बुधवार को चयनित ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा, जिससे वे जमीनी स्तर पर लागू नवाचारी मॉडल व व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रामदास सुमन आदि मौजूद रहे।