संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मड़ावरा तहसील मुख्यालय पर बिना एस्टीमेट के लाइन शिफ्ट करना विभागीय अधिकारियों को महंगा पड़ गया। बीते माह अफसरों की मिलीभगत से कर्मचारी लाइन शिफ्ट कर रहे थे। अब अधीक्षण अभियंता ने उपखंड अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
कस्बा मड़ावरा में पुरानी धवा रोड पर एक प्लाट में लगा हाईटेंशन लाइन का खंभा 23 मार्च 2024 को अचानक टूट गया। 24 मार्च को विद्युत कर्मी बिना एस्टीमेट और बगैर राशि जमा कराए ही खंभा समेत लाइन को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने लगे। खंभे को प्लाट के बाहर लगा दिया। इस पर अन्य प्लाट स्वामी ने विरोध जताया और शिकायत उपजिलाधिकारी से की। नायब तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों को देख विद्युत कर्मी सकते में आ गए और नए स्थान पर लगाए गए खंभे को छोड़कर पुराने खंभा से ही तार डालकर भाग गए।
इस खेल को अमर उजाला ने 25 मार्च को पेज नंबर पांच पर बिना एस्टीमेट लाइन शिफ्ट कर अफसर लगा रहे विभाग को लाखों का चूना, शीर्षक से प्रकाशित किया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया। अधीक्षण अभियंता ने मड़ावरा उपखंड अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
-
मड़ावरा में पुरानी धवा रोड पर बिना एस्टीमेट के लाइन शिफ्ट करने के मामले में उप खंड अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग