यूं तो वर्ष 2016 शहर के विकास की विभिन्न घोषणाओं से भरा रहा। लेकिन, रेल व सड़क परिवहन की भूमिका महत्वपूर्ण है। हालांकि, बहुत कम योजनाएं ही मूर्त रुप ले सकीं। शहर के विकास में जनपदवासियों को ललितपुर से खजुराहो तक ट्रेन की सौगात के रुप में बड़ी उपलब्धि मिली। सड़कों के निर्माण की घोषणाएं तो हुईं, लेकिन अब तक किसी भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते जनपदवासियों को पूरे वर्ष परेशानियां झेलनी पड़ीं। हालांकि वर्ष 2017 से जनपदवासियों को सड़कों की दशा में बदलाव की बड़ी आस है।
खजुराहो तक ट्रेन संचालन ने पर्यटन को दी गति
इस वर्ष 18 अक्टूबर 2016 को खजुराहो पैसेंजर ट्रेन का शुभारंभ किया गया जिसने खजुराहो के साथ-साथ जनपद के पर्यटन को भी गति प्रदान की। 167 किलोमीटर लंबी यह रेल परियोजना 763 करोड़ रुपए से तैयार हुई है। जनपदवासी ललितपुर से खजुराहो तक मात्र 35 रुपए में पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।
नई ट्रेनों की घोषणाएं तो हुईं, लेकिन संचालन नहीं
खजुराहो पैसेंजर ट्रेन शुभारंभ के समय रेल मंत्री द्वारा भोपाल से ललितपुर होते हुए खजुराहो तक भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने और तुलसी एक्सप्रेस के टीकमगढ़-खजुराहो होते हुए इलाहाबाद ले जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन उक्त ट्रेनों का संचालन अब तक शुरु नहीं हो सका है। हालांकि अब नए साल में जनपदवासियों को उक्त ट्रेनों के संचालन की आस है।
टू-लेन सड़कों की घोषणा, निर्माण की गति धीमी
जनपद की सड़कों की स्थिति सुधारने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा टू-लेन व फोन लेन सड़कों के निर्माण की घोषणाएं की गईं। ललितपुर से देवगढ़ तक केंद्रीय निर्माण निधि के तहत टू-लेन सड़क निर्माण का कार्य कुछ दिन पूर्व ही शुरु किया गया। जबकि इसकी घोषणा करीब डेढ़ वर्ष पूर्व की गई थी। इसी मार्ग पर मुख्यमंत्री द्वारा फोर-लेन बनाने की घोषणा की गई। ललितपुर से देवगढ़ तक यह सड़क के टू-लेन किए जाने का कार्य शुरु हो गया है। इसे बनाने में करीब 53.77 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं चंदेरी से राजघाट-बानपुर होते हुए टीकमगढ़ तक एनएच का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। लेकिन इसको अमलीजामा पहनाने में फिलहाल समय लगेगा। इसी प्रकार ललितपुर से राजघाट तक केंद्रीय मार्ग निधि से 37.82 करोड़ रुपए की लागत से टू-लेन सड़क निर्माण कार्य जारी है। जखौरा से राजघाट तक केंद्रीय मार्ग निधि से ही 35.31 करोड़ रुपए की राशि से सड़क निर्माण किया जा रहा है।
देवगढ़ क्रॉसिंग ओवर ब्रिज का प्रस्ताव मंजूर
ललितपुर-देवगढ़ क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाने का प्रस्ताव शासन स्तर पर मंजूर हो चुका है। निर्माण सेतु निगत को करना है। इस ओवरब्रिज का निर्माण रेल लाइन से चार मीटर ललितपुर स्टेशन तिराहे की ओर और चार सौ मीटर देवगढ़ की ओर होना है। ओवरब्रिज करीब साढ़ेे सात मीटर चौड़ाई का बनाया जाना है। कार्य अब तक शुरु नहीं हो सका है। वहीं रेलवे द्वारा सिलगन रेलवे क्रॉसिंग पर गेट बंद होने की परेशानी से निजात दिलाने के लिए अंडर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जो लगभग पूरा होने की कगार पर है।