संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षाएं 24 मार्च से दो पालियों में शुरू होकर पांच दिन 28 मार्च तक चलेंगी। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक कराई जाएगी। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की परीक्षा लिखित व मौखिक होगी।
जिले में 1357 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.71 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इसमें 866 प्राइमरी, 320 जूनियर और 171 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। इस शैक्षिक सत्र की वार्षिक परीक्षा कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। कक्षा दो व तीन में मौखिक व लिखित परीक्षा होगी। इसके अंक 50-50 फीसदी होंगे। कक्षा चार-पांच में मौखिक व लिखित परीक्षा होगी। इसके अंक 30-70 फीसदी होंगे। कक्षा छह से आठ की परीक्षा सिर्फ लिखित ही होगी। इसमें पूरे नंबर लिखित परीक्षा के ही दिए जाएंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रश्न पत्र 22 मार्च तक विद्यालयों को उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए जिला स्तर पर डायट के माध्यम से पेपर तैयार किए जाएंगे। पेपर में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। वार्षिक परीक्षा का मूल्यांकन विद्यालयों के शिक्षक करेंगे। वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी होने के बाद विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व इंचार्ज प्रधानाध्यापक परीक्षा की तैयारियां पूरी कराने में जुट गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी जखौरा भुवनेंदु अरजरिया ने बताया कि इस शैक्षिक सत्र को लेकर वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा 24 से 28 मार्च तक कराई जाएंगी।
-
परीक्षाफल घोषित होने के दिन छात्र-अभिभावकों संग होगी बैठक
वार्षिक परीक्षा होने के बाद परीक्षाफल घोषित करने के दिन छात्र-अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान ही परीक्षाफल वितरित किया जाएगा।