अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर-पाली। जनजाति बाहुल्य तहसील पाली में शुक्रवार को ‘सहरिया संतृप्तिकरण कार्यक्रम’ का आयोजन किया। डीएम ने सभी विभागों के स्टाल लगवाकर सहरिया लोगों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,आधार व अन्य प्रमुख सरकारी योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही उनके दस्तावेज तैयार कराए गए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने तहसील पहुंचकर अलग-अलग स्टॉलों पर अपने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व आधार कार्ड बनवाए, साथ ही विभिन्न योजनाओं के लिए अपना पंजीकरण भी कराया।
प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार में हर वर्ग को विकासपरक योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जो समुदाय पूर्व में इन योजनाओं से वंचित रहे, शोषित रहे, अब उनको विकास की मुख्य धारा में जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहरिया जनजाति के लिए जिलाधिकारी ने जो पहल शुरू की है, आप सभी उसका लाभ उठाएं और आज यहां रुककर अपने सभी दस्तावेज बनवा लें ताकि आपको सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन सहरिया संतृप्तिकरण अभियान के तहत जिले के ऐसे ग्रामों को चिन्हित कर रहा है, जहां जनजाति आबादी अधिक संख्या में है, वहां पर आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन, जॉबकार्ड सहित अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र व पंजीयन शिविर आयोजित कराए जा रहे हैं।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, उप जिलाधिकारी घनश्याम भारती, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
0000000000000
समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान ही स्थानीय लोगों ने कुछ प्रमुख समस्याएं जिलाधिकारी को बताईं, जिनमें बंट मार्ग बनवाए जाने की मांग की, इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर मार्ग बनवाए जाने के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराए। वहीं दूधई डुगरिया क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क न आने की समस्या पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रीय संचार अधिकारियों से समन्वय कर नेटवर्क की समस्या का प्रभावी समाधान कराने के निर्देश दिए।सहरिया समुदाय की महिलाओं ने राशनकार्ड बनवाने की मांग की तो डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से मौके पर ही राशन कार्ड बनवाए जाने के लिए पंजीकरण कराया।