ललितपुर। शहर के सुम्मेरा व सीता पाठ तालाब के सुंदरीकरण का कार्य पांच माह बाद भी पूर्ण नहीं हो सका है। वर्तमान में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। वहीं, प्रकाश की सुविधा को लगाई गईं लाइटें भी नहीं जल रही हैं। यही नहीं फुटपाथ पर कचरा व निर्माण सामग्री पड़ी हुई है।
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के सुम्मेरा तालाब व सीतापाठ के सौंदर्यीकरण का कार्य 2.84 करोड़ से किया जा रहा है। इसमें सुम्मेरा तालाब का कार्य 2.04 करोड़ व सीता पाठ तालाब का कार्य 80 लाख रुपये से कराया जा रहा है।
लेकिन, कार्य धीमी गति से होने से पांच माह बाद भी पूर्ण नहीं हो सका है। सुम्मेरा तालाब की सफाई कर गहरीकरण का कार्य किया गया। अब बारिश होने से तालाब तो भर गया है। इसके चारों ओर पिचिंग में कचरा पड़ा हुआ है। वहीं, जगह-जगह फुटपाथ पर कचरा निर्माण मटेरियल पड़ा हुआ है। वहीं, पीछे की ओर घाटों पर अधिक मात्रा में मिट्टी पड़ी हुई है। ऐेसे में घाट पर पहुंचने पर गिरने का डर बना हुआ है। यही नहीं रात में लाइटें भी नहीं जल रहीं हैं। वहीं सीता पाठ तालाब पर महज खंडा व लगाकर सीढि़यां तो बना दी गई हैं। वहीं, तालाब के तल में पानी रोकने के लिए सीसी कर दिया गया है। वर्तमान में कार्य बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में तालाब पर पहुंच रहे लोग बिना सैर किए ही वापस हो रहे हैं।
-
ये होने हैं कार्य
सुम्मेरा तालाब के सौंदर्यीकरण में चारों ओर फुटपाथ का निर्माण किया जाना है। साथ ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। तालाब की खूबसूरती बढ़ाने के लिए फव्वारा लगाया जाना है। इससे लोग सैर कर सकें। वहीं, सीतापाठ में पानी की कमी दूर करने के लिए तल पर सीसी किया जाना है। तालाब के चारों ओर घाटों का निर्माण सीढ़ीनुमा बनाया जाना है।
-
शहर के दोनों तालाबों का सौंदर्यीकरण अभी प्रगति पर है। एक वर्ष में कार्य पूर्ण करना है। बारिश के चलते निर्माण कार्य बंद चल रहे हैं। किसी भी प्रकार का भुगतान भी नहीं किया गया है।
- दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद