ललितपुर। मुख्यमंत्री की सलाहकार समिति के डॉ केवी राजू, डॉ जीएन सिंह एवं अवनीश कुमार अवस्थी ने ग्राम सैदपुर में बन रहे बल्क ड्रग फार्मा पार्क का शनिवार को निरीक्षण किया। उत्तर भारत में बनने वाले इस पहले फार्मा पार्क की शासन स्तर से निगरानी हो रही है। अधिकारियों ने कार्ययोजना का जायजा लिया, साथ ही कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सलाहकार समिति ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले निर्माण कार्यों को देखा। साथ ही आउटर साइनेज/साइट मैप का अवलोकन किया। अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि अगले 9 महीने में जमीनों का आवंटन पूर्ण करा दें, जिससे यहां नई औद्योगिक इकाइयां लगनी शुरू हो जाएं। यहां के स्थानीय नागरिक भी इस कार्य में सहयोग करें। उद्योग लगने से सड़कें, बिजली एवं रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इसी साल इसका कार्य पूर्ण कर अगले साल तक यूनिट शुरू करने की कोशिश की जा रही है।
पीजीएम यूपीसीडा राजीव त्यागी ने बताया कि फार्मा पार्क में प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। 1472 एकड़ भूमि में से 350 एकड़ पर विकास कार्य किया जा रहा है। मास्टर प्लान तैयार है। शासन ने 450 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत कर दी है। सड़क चौड़ीकरण के लिए खंभों को शिफ्ट करने के साथ विद्युत उपकेंद्र व अलग से लाइन डाले जाने तथा वन विभाग से पेड़ कटान का कार्य कराया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए प्लॉट काटे जा रहे हैं। यहां आधुनिक तकनीक से मेडिकल डिवाइस बनाने के लिए कुछ कंपनी के एमओयू भी साइन हुए हैं।
-
ये कार्य हैं प्रगति पर
फार्मा पार्क में 33/11 केवी उपकेंद्र की स्थापना का कार्य चल रहा है। कंट्रोल रूम के लिए भवन बन गया है। बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य प्रगति पर है। फोरलेन सड़क का कार्य चल रहा है। फार्मा पार्क की बाउंड्रीवाल एवं कैंपस में सड़कें डाली जा रही हैं। फायर फाइटिंग बिल्डिंग का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।
-
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान श्रम एवं सेवायोजन विभाग के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप, उप जिलाधिकारी मड़ावरा रोशनी यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा संदीप कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक यूपीसीडा सत्यपाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विजय चन्द्र, अधीक्षण अभियंता विद्युत राजीव कालरा, अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यखंड झांसी राकेश सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत राहुल सिंह, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग रोहित त्रिपाठी, प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।