तीन वर्ष में कई बार खराब हो चुका एस्केलेटर, 1.20 करोड़ से लगाए थे दोनों ओर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर आठ दिन से एस्केलेटर खराब पड़ा हुआ है। खराब हुए उपकरण की मशीन अब चेन्नई से आनी है। इसे आने में चार से पांच दिन लग सकता है। ऐसे में अब बुजुर्गों और महिलाओं को सामान के साथ को प्लेटफार्म तीन से फुटओवरब्रिज पर सीढि़यों से चढ़ने में परेशानी हो रही है।
रेलवे ने प्लेटफार्म एक और दो व तीन पर स्वचालित सीढि़यां (एस्केलेटर) लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से लगाई गई थीं। एनएसजी-3 श्रेणी के स्टेशनों में ललितपुर पहला स्टेशन है, जिस पर रेलवे द्वारा यात्रियों को तीन वर्ष पहले यह सुविधा तो दे दी गई, लेकिन बार-बार यह एस्केलेटर खराब होने के कारण बुजुर्गों व बीमारों को परेशान होना पड़ रहा है। बीते आठ दिन पहले प्लेटफार्म दो-तीन पर स्थापित एस्केलेटर में सीढि़यों के नीचे के स्टेप की मशीन जल गई थी, जो चेन्नई से मंगाई जा रही है। यह मशीन आने में अभी तक चार से पांच दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अभी भी लगभग यह एस्केलेटर ठीक होने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है।
-
प्लेटफार्म दो-तीन पर लगे एस्केलेटर में आंतरिक तकनीकी खराबी आ गई। खराब उपकरण चेन्नई से मंगाया जा रहा है। अभी इसको ठीक होने में पांच से अधिक दिन लग सकते हैं।
-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।