ललितपुर। सावन में शिवालयों में जुटने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाकर त्योहार को सकुशल संपन्न कराएं। यह निर्देश एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में हुई अपराध समीक्षा के दौरान दिए।
उन्होंने पहले सैनिक सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना। इसके बाद कहा कि मंदिरों, शिवालयों में जलाभिषेक, शोभायात्राओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था व रूट व्यवस्था का प्रबंध करें। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, एंटी रोमियाे स्क्वायड सक्रिय रखने को कहा। इस दौरान एएसपी कालू सिंह, सभी सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
-
थाना प्रभारियों को दिया प्रशस्ति पत्र : जून में आईजीआरएस प्रार्थनापत्रों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले सर्किल, थाना के प्रभारी व पुलिस कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नाविकों की सूची पुलिस करेगी तैयार : मानसून सीजन को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के नाविकों की सूची तैयार करने को कहा। इसके साथ इन नाविकों से लगातार संपर्क बनाए रखने की बात कही, जिससे कोई घटना होने पर इनकी मदद ली जा सके।
पंचायत चुनाव में खलल डालने वाले होंगे चिह्नित : आगामी पंचायत चुनाव चुनाव को लेकर भी एसपी ने दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में खलल डालने वालों को चिह्नित कर लें। उनके खिलाफ कार्रवाई करें।