संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल वाटिका के रूप में विकसित किया जा रहा है। बच्चों के नामांकन के लिए बालवाटिका अभियान चलाया जाएगा।
तीन से छह साल के बच्चों को कक्षा एक तक की शिक्षा का माहौल देने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा से पूर्व बच्चों को शिक्षा के लिए तैयार किया जाता है। जिले में 1124 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, इसमें परिषदीय विद्यालयों में 750 हैं। इन आंगनबाड़ी केंद्राें में तीन से छह वर्ष के करीब 60 हजार बच्चे पंजीकृत हैं।
परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र की शुरुआत के साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय विद्यालयों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल वाटिका के रूप में विकसित करने की पहल कर रहा है। बच्चों के नामांकन के लिए बालवाटिका अभियान चलाया जाएगा। तीन से छह साल के बच्चों को बालवाटिका में भेजने के लिए माता-पिता और समुदाय को प्रेरित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य 5-6 साल के बच्चों को स्कूल की कक्षा एक के लिए तैयार करना है। अभियान में प्रभात फेरी व रैली निकाली जाएगी और सभा का आयोजन किया जाएगा।