ललितपुर (ब्यूरो)। आधुुनिकता के दौर में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई करना अब और आसान हो गया है। जिले में इंग्लिश मीडियम के 17 स्कूलों को और मान्यता मिल गई है। इस तरह अब अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है।
अंग्रेजी के बढ़ते चलन के कारण हर अभिभावक अपने बच्चे को अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दाखिला दिलाना चाहता है, जिससे हिंदी माध्यम के स्कूलों का क्रेज कम हो गया है। इन स्कूलों में साल दर साल बच्चों के प्रवेश कम हो रहे हैं। वहीं, अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में प्रवेश की मारामारी मच रही है। गत शैक्षिक सत्र तक अभिभावकों को अपने बच्चे का दाखिला कराने में काफी परेशानी होती थी। वर्तमान शैक्षिक सत्र में अंग्रेजी माध्यम के 17 नवीन स्कूलों को मान्यता दे दी गई है, जिससे इंग्लिश मीडियम के स्कूलों की संख्या 48 तक पहुंच गई है।
ग्राम बिरधा में एक, बानपुर में एक, नेहरू नगर में तीन, जखौरा में एक, मड़ावरा में दो, हरदीला में एक, बांसी में एक, सतरवांस में एक, जाखलौन में दो, बालाबेहट में एक और तालबेहट में एक स्कूल को इंग्लिश मीडियम में मान्यता प्रदान की गई है। इसके अलावा ग्राम ककरुआ में एक, कचनौदा में एक और मड़ावरा में एक स्कूल को कक्षा छह से आठ तक की मान्यता हिंदी माध्यम में दी गई है। इस तरह जिले में बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता हिंदी व अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की संख्या कुल 457 हो गई है।
इतने हैं प्राइमरी व जूनियर स्कूल
जनपद में हिंदी माध्यम के प्राइमरी स्कूल 270, जूनियर हाईस्कूल 139 व अंग्रेजी माध्यम के 48 जूनियर हाईस्कूल स्कूूल संचालित हैं।
आधा दर्जन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई अटकी
जिले में कई स्कूल निरीक्षण के दौरान बंद मिले थे। तत्कालीन बीएसए ने ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं। लेकिन, उनके खिलाफ कार्रवाई अंजाम तक नहीं पहुंच सकी है। विभागीय अफसर स्कूलों के प्रबंधकों को अंतिम नोटिस देने में कन्नी काटते नजर आ रहे हैं। जिससे प्रबंधकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।