मेडिकल कॉलेज के गेट के पास फुटपाथ पर खड़ी एम्बुलेंस- संवाद
ललितपुर। शहर में मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाला मार्ग भी अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से जूझ रहा है। कर्पूरी ठाकुर चौराहा से सदनशाह चौराहा तक सड़क और फुटपाथ पर वाहन खड़े हो रहे हैं। दुकानदारों ने भी सड़क किनारे सामान सजा रखा है। वहीं, दिन में ही मार्ग पर लोडिंग-अनलोडिंग होने से आवागमन बाधित हो रहा है। इससे सड़क का दायरा सिमट गया है और वाहन रेंगकर निकलने को मजबूर हैं। कई बार मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
फोटो-03
अभिलाषा पेट्रोल पंप से मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर दुकानों के सामने लोडिंग-अनलोडिंग का कोई निर्धारित समय नहीं है। सुबह से ही फुटपाथ के साथ सड़क पर भी वाहन खड़े होने लगते हैं। इससे दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर ओवरटेक करने तक की जगह नहीं बचती। मुख्य मार्ग होने के बावजूद इस अव्यवस्था पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है।
फोटो-04
मेडिकल कॉलेज परिसर की बाउंड्री के आगे अतिक्रमण रोकने के लिए जाली लगाई गई थी। इससे कुछ दिनों तक निजी एंबुलेंस सड़क से हट गई थीं, लेकिन अब गेट नंबर दो से गेट नंबर एक तक फुटपाथ पर फिर से वाहन खड़े होने लगे हैं। इससे पैदल चलने वालों को भी सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस और निजी वाहनों के सुरक्षित आवागमन में भी परेशानी होती है।
-
फोटो-05
सदनशाह चौराहा से अभिलाषा पेट्रोल पंप की ओर आने वाले मार्ग पर मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने तक वाहन खड़े रहते हैं। इमरजेंसी के सामने ही सड़क पर वाहनों की कतार से आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे में मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को भी जाम से जूझना पड़ता है।
-
कर्पूरी ठाकुर चौराहा से सदनशाह चौराहा तक जगह-जगह अतिक्रमण होने और सड़क किनारे वाहन खड़े होने की जानकारी मिली है। पर्व के बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद