ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने शहर में पसरे अतिक्रमण को हटाने की शुरुआत कर दी है। बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने वाली टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों में अफरा- तफरी मच गई। बहुत से लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण समेट लिया। अतिक्रमण से मुक्त हुए स्थल पर नाली खोद दी गई, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो।
छह दिन चलने वाले अभियान की बृहस्पतिवार को पुराने तहसील कार्यालय के पास से शुरुआत की गई। अधिशासी अधिकारी निहाल चंद्र द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए गठित की गई टीम में कर अधीक्षक विशाल सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी, नजूल लिपिक सुधीर रावत और संजय वाल्मीकि जेसीबी के साथ जब पुरानी तहसील भवन के पास पहुंचे तो अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई और उन्होंने आनन-फानन अपना अतिक्रमण समेटना आरंभ कर दिया। नगर पालिका ने अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने का पूरा अवसर प्रदान किया। एलआईयू कार्यालय के सामने टैक्सी पार्किंग स्टैंड को भी खाली कराया गया। यहां सब्जी मंडी कई महीनों से चल रही थी। इस खाली स्थान के एक किनारे जेसीबी से नाली खोद दी गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान पुरानी तहसील भवन से होकर पुराना सदर कांटा, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश खटीक के घर के पास तक चला। अभियान के दौरान फुटपाथी दुकानदार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
----
पुलिस बल की कमी हुई महसूस
पहले ही दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान को पुलिस बल की कमी महसूस हुई। यही वजह रही कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में सख्ती नजर नहीं आई।
----
ये है रोस्टर
27 नवंबर को तुवन चौराहे से गिरजाघर होते हुए अभिलाषा पेट्रोल पंप तक, 28 नवंबर को अभिलाष पेट्रोल पंप से सदनशाह चौराहे होते हुए डा. कौर के अस्पताल तक, 01 दिसंबर को घंटाघर से तुवन चौराहे तक, 02 दिसंबर को तुवन चौराहे से होते हुए वर्णी चौराहे तक और 03 दिसंबर को वर्णी कालेज चौराहे से स्टेशन तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा।
----
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर की जाएगी। शहर को साफ-सुथरा बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। अतिक्रमण से यातायात में व्यवधान होने लगा था। इसे ध्यान में रखकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
- निहाल चंद्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद
अपनी गुमटी को हाथ ठेले पर ले जाते लोग- फोटो : LALITPUR
सदरकांटे के पास से अतिक्रमण हटाते नगर पालिका कर्मी- फोटो : LALITPUR
सदरकांटे के पास अतिक्रमण हटाती जेसीबी- फोटो : LALITPUR