बिरधा विद्युत सब स्टेशन पर स्थापित विभिन्न फीडरों की बिजली व्यवस्था में सुधार करने के लिए शुक्रवार को पूरे दिन बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विरधा, नाराहट, खितवांस व सजनाम फीडरों के तहत करीब डेढ़ सैकड़ा से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली ठप रहेगी।
बिरधा स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन मेें बिरधा, नाराहट, खितवांस व सजनाम फीडरों के माध्यम से करीब डेढ़ सैकड़ा ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। पुरानी मशीनों के कारण आए दिन विभिन्न फीडरों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहती है, साथ ही फीडरों पर क्षमता से अधिक कनेक्शन होने के कारण रोजाना ओवरलोड की समस्या रहती है। ऐसे में अब जब खेतों में सिंचाई का समय चल रहा है, तो ओवरलोड होने की वजह से नलकूप मोटरें भी नहीं चल पा रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को सिंचाई कार्य में भी बाधा हो रही है और फसल नष्ट होने का अंदेशा भी बढ़ गया है। इसी के चलते विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा विद्युत सब स्टेशन की व्यवस्था में सुधार करने का निर्णय लिया है।
विद्युत अवर अभियंता रमेश प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि विरधा विद्युत सब स्टेशन पर एक नया फीडर स्थापित करने और पुरानी मशीन को बदलकर नई वीसीबी मशीन स्थापित किए जाने के लिए सब स्टेशन के चारों फीडर बिरधा, नाराहट, खितवांस व सजनाम फीडरों की बिजली शुक्रवार को सुबह नौ बजे शाम से शाम पांच बजे बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि नाराहट, बिरधा, बंगरिया, अर्जुनखिरिया, डोंगराकलां, डोंगराखुर्द, करमरा, मैनवार, अंडेला आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित होगी, जिसके चलते क्षेत्रवासियों का सहयोग जरुरी है।