ललितपुर। रविवार को विभिन्न बिजली फीडरों का मेंटीनेंस होने के चलते दिनभर आधे से अधिक शहर की बिजली गुल रही। वहीं सब स्टेशन पर स्थापित देहात फीडरों की बिजली भी घंटों बंद रही। मेंटीनेंस में तारों पर लटक रहे पेड़ों पर बिजली विभाग की कुल्हाड़ियां चली और पेड़ों की टहनियों को काटा गया।
शहर के गल्लामंडी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित फीडरों का मेंटीनेंस किया गया। जिसके चलते रविवार को दिनभर आधे शहर की बिजली ठप रही। गल्ला मंडी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर, एक, तीन, पांच, पिसनारी, गोविंदनगर, चंदेरा फीडरों से आधे शहर समेत करीब सात दर्जन गांवों को बिजली दी जाती है। बारिश के दिनों में हवा व आंधी में पेड़ों की टहनियां किनारे से निकले हाइटेंशन तारों में टकराने की वजह से फाल्ट हो जाते हैं। जिससे उस फीडर की बिजली घंटों गुल रहती है। ऐसा आए दिन होता है। रोजाना होने वाले ऐसे फाल्ट की समस्या से निपटने के लिए विभाग ने रविवार को हाइटेंशन तारों पर झूल रहे पेड़ों की टहनियां काटने छांटने का निर्णय लिया और सुबह पौने दस बजे से फीडर नंबर एक, पांच और पिसनारी को बंद कर पेड़ों की कटाई का काम शुरू कर दिया गया।
इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा सब स्टेशन पर स्थापित उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मरों से पूर्व टीपीएम आदि विद्युत उपकरणों का भी मेंटीनेंस किया गया, जिसके चलते रोंड़ा स्थित 132 केवी सब स्टेशन से 66 केवी लाइन का शटडाउन दोपहर 12 बजे लिया गया। जिससे यहां स्थापित फीडर नंबर एक, पिसनारी, गोविंदनगर, चंदेरा, राजघाट व देवगढ़ फीडरों के तहत आधे शहर व सात दर्जन गांवों की बिजली ठप हो गई। दिन भर पेड़ों की छटाई, केबलें बदलने के अलावा सब स्टेशन पर मेंटीनेंस का कार्य किया गया। इसके बाद शाम पौने चार बजे शहर के अधिकांश फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। हालांकि कई फीडरों के तहत एक फेस नहीं आने के चलते उपभोक्ताओं को देर शाम तक परेशान होना पड़ा।