ललितपुर। जनपद में तापमान बढ़ने के साथ ही विद्युत सब स्टेशनों पर स्थापित वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) मशीनों पर लोड बढ़ गया है। अधिकांश मशीनों का लोड बीस से तीस एंपियर और बहुत से फीडरों की मशीनों पर लोड पचास एंपियर तक बढ़ गया है। लोड बढ़ने के साथ विद्युत फाल्ट भी बढ़ते जा रहे हैं, इस कारण उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित आठ फीडरों की वीसीबी मशीनों के माध्यम से आधे शहर व सात दर्जन गांवों को बिजली आपूर्ति देकर रोशन किया जाता है। शहर में गरमी लगातार बढ़ती जा रही है। तपन बढ़ने से उपभोक्ताओं द्वारा कूलर, पंखा, एसी, रेफ्रिजरेटर जैसे तमाम विद्युत उपकरणों को चलाकर बिजली का अधिकांश उपभोग किया जा रहा है, इससे सब स्टेशन में स्थापित विभिन्न फीडरों की वीसीबी मशीनों का लोड भी बढ़ता जा रहा है। सब स्टेशन में सभी आठ फीडरों पर औसतन बीस से तीस एंपियर लोड की बढ़ोत्तरी हुई है, जिससे विभिन्न फीडरों पर ओवरलोड होने के कारण फाल्ट भी बढ़ते जा रहे हैं। वहीं, शाम के समय पीक आवर में लोड और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में रात में फाल्ट होने से किस्तों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित बनी रहती है, जिससे रात्रि में जहां गरमी से लोगों का हाल-बेहाल रहता है।
यह है फीडरों पर लोड की स्थिति
ललितपुर। यदि मशीनों के एक महीने के लोड को देखा जाए तो सब स्टेशन पर स्थापित सभी आठ फीडरों पर लोड काफी बढ़ गया है। एक माह पूर्व फीडर नंबर एक का लोड 130 से 140 एंपियर, फीडर नंबर तीन का लोड 150 एंपियर, फीडर नंबर चार का लोड 130 एंपियर, फीडर नंबर पांच का लोड 110 एंपियर, नेहरुनगर फीडर का लोड 70 से 75 एंपियर, राजघाट फीडर का लोड 70 से 80 एंपियर, देवगढ़ फीडर का लोड 120 एंपियर और चंदेरा फीडर का लोड 40 से 50 एंपियर तक पहुंच रहा था। लेकिन, अब आठ मई को स्थिति अलग है। तापमान बढ़ने के साथ ही फीडर नंबर एक का लोड 180 से 190 एंपियर, फीडर नंबर तीन- 200 एंपियर, फीडर नंबर चार- 180 एंपियर, फीडर नंबर पांच- 140 एंपियर, नेहरुनगर फीडर- 90 एंपियर, राजघाट फीडर- 90 से 100 एंपियर, देवगढ़ फीडर- 170 से 180 एंपियर और चंदेरा फीडर का लोड 50 एंपियर तक पहुंच गया है। इससे बिजली खपत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।