संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में केबल व ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली चोरी रोकने का असर अब दिखने लगा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार लाइन लॉस में साढ़े चार फीसदी तक कमी आई है।
लाइन लॉस कम करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। नई केबलें, पर्याप्त क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित कराए जा रहे हैं, तो बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब लाइन लॉस में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग साढ़े चार प्रतिशत तक कमी आई है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के तहत पिछले वर्ष 2023 में अक्तूबर में जहां लाइन लॉस 33.14 प्रतिशत तक पहुंच गया था, वहीं इस वर्ष अक्टूबर में खंड प्रथम के क्षेत्र का लाइन लॉस 28.64 प्रतिशत पर आ गया है। यानि पिछले वर्ष की तुलना में 4.50 प्रतिशत की कमी आई है।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय में लाइन लॉस पिछले वर्ष 2023 में अक्तूबर में 22.99 प्रतिशत पहुंच गया था, वहीं इस वर्ष अक्तूबर तक द्वितीय खंड का लाइन लाॅस 19.19 प्रतिशत पर आ गया है। यानि द्वितीय खंड के अंतर्गत लाइन लॉस में 3.80 प्रतिशत की कमी आई है। पूरे सर्किल का लाइन लॉस देखा जाए तो पिछले वर्ष 2023 में अक्तूबर में लाइन लॉस जहां 28.14 प्रतिशत पहुंच गया था, वह इस वर्ष अक्टूबर में 23.80 प्रतिशत तक आ गया है।