उपभोक्ता का दावा- स्थायी विच्छेदन हो चुका, कोई बकाया नहीं शेष
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। बांसी मेन रोड निवासी हरगोविंद का बिजली कनेक्शन करीब चार साल पहले सितंबर 2022 में ही स्थायी रूप से विच्छेदित किया जा चुका है। इसका कोई भुगतान शेष नहीं है लेकिन विभाग नोटिस भेजकर चार माह से वसूली का दबाव भेजकर दबाव बना रहा है।
उपभोक्ता ने बताया कि सितंबर 2022 तक का 4510 रुपये का बिल और 500 रुपये स्थायी विच्छेदन शुल्क जमा कर 20 सितंबर 2022 को कनेक्शन बंद करा दिया गया था। दोनों की रसीद भी उनके पास सुरक्षित है। इसके बावजूद विद्युत वितरण खंड ललितपुर के अधिशासी अभियंता कार्यालय ने 11 सितंबर 2024 को जारी नोटिस संख्या 3039 के आधार पर 9 मार्च 2026 को 3870 रुपये का बकाया नोटिस भेज दिया। नोटिस में 3845 रुपये विद्युत देय और 25 रुपये नोटिस व्यय दर्शाया गया है। सबसे गंभीर बात यह है अमीन चार माह से उपभोक्ता के घर पहुंचकर बकाया राशि जमा करने का दबाव बना रहा है। जबकि, कनेक्शन का स्थायी विच्छेदन पहले ही हो चुका है और कोई बकाया शेष नहीं है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर नोटिस तत्काल निरस्त करने की मांग की है। एसडीओ सत्यनारायण ने बताया कि इस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।