ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में गेहूं की फसल की मढ़ाई (थ्रेसिंग) करके खेत से घर लौट रहे किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम भैंसाई निवासी किशन लाल (50 वर्ष) पुत्र पन्नालाल बुधवार की शाम को खेत से गेहूं की फसल की थ्रेसिंग करवा कर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के कुछ ही दूरी पर लगे बिजली खंभे में आ रहे करंट की चपेट में आकर वह झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उपचार को जिला अस्पताल लाए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सनत कुमार सेन ने बताया कि किशनलाल पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। इसकी कोई संतान नहीं थी। खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।