बुधवार को ललितपुर विधानसभा सीट पर पहला नामांकन पत्र भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार पर्वतलाल ने भरा है। महरौनी सीट से अभी तक किसी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है।
जिले की दो विधानसभा सीटों में से महरौनी सीट सुरक्षित है। सभी की नजरें ललितपुर सीट पर लगी हुई हैं। यही वजह है कि ललितपुर सीट पर उम्मीदवारों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। बुधवार को नौ और नामांकन पत्र खरीदे गए, जिनमें जन अधिकार मंच से राजेंद्र कुमार कुशवाहा, निर्दलीय सुमित अग्रवाल, राम सिंह पुत्र जगन्नाथ, ओमप्रकाश पुत्र अजुद्दी अहिरवार, अरविंद कुमार पुत्र रतनलाल अहिरवार, कमलेश कुमार पुत्र हजारीलाल, श्रीराम यादव पुत्र भागीरथ यादव, वीरेंद्र सिंह बुंदेला पुत्र ऊदल सिंह, मुन्नालाल पुत्र धर्मदास हैं। वहीं, महरौनी सीट से राकेश कुमार, रमेश, आराधना, मनोज व जितेंद्र ने पर्चा खरीदा है।
उधर, दो दिन से नामांकन का चल रहा सूखा आज समाप्त हो गया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार पर्वतलाल ने रिटर्निंग आफीसर रमेशचंद्र के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान उम्मीदवार ने दिए शपथ पत्र में बताया कि उसके पास सरकारी आवास, टेलीफोन आदि सुविधाएं नहीं हैं।
तीन को होगा शिक्षक विधायक का मतदान
क्षेत्रीय शिक्षक विधायक के निर्वाचन का मतदान तीन फरवरी को जिले के आठ केंद्रों पर होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 414 वोटरों के लिए तालबेहट, महरौनी, पाली, गुढ़ा, मड़ावरा, ललितपुर, नाराहट, बांसी में पोलिंग बूथ बनाए हैं। बृहस्पतिवार को पोलिंग पार्टियां केंद्रों पर मतदान कराने के लिए रवाना हो जाएगी।