जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विद्युत कर्मी भी इस बार चुनाव में ड्यूटी देंगे, जबकि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ द्वारा दिए गए हैं। इस पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने भी उक्त पत्र का हवाला देते हुए विधानसभा निर्वाचन कार्य में ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग की है।
जनपद में दो विधानसभा क्षेत्रों में 915 पोलिंग बूथों पर निर्वाचन होना है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की निर्वाचन कार्य में ड्यूटी लगाई है। लेकिन इसके साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। इसमें भी चपरासी, कार्यालय सहायक, टीजीटू-तकनीकी सहायकों, अवर अभियंताओं, उपखंड अधिकारियों व अधिशासी अभियंता शामिल हैं। जबकि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन के दौरान 24 घंटे सुचारु बिजली आपूर्ति देने के आदेश दिए गए हैं।
लेकिन जब विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा चुुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी, तो ऐसे में जनपद की पूरी बिजली व्यवस्था मात्र संविदा लाइनमैन कर्मियों के सहारे हो जाएगी। ऐसे में जनपद की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है, जो निर्वाचन अधिकारियों की मुश्किलें भी बढ़ा सकती है। हालांकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ के रमेश चंद्र राय ने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को चुनाव में निर्बाध आपूर्ति के मद्देनजर ड्यूटी से मुक्त रखने को कहा था। लेकिन इसके बाद भी जनपद में उनकी निर्वाचन में ड्यूटी लगा दी गई है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता गौरव कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर उक्त पत्र का हवाला देते हुए चुनाव की ड्यूटी से मुक्त किए जाने की मांग की है।
विकलांग महिला कर्मी की ड्यूटी भी लगाई
ललितपुर। बिजली विभाग के खंडीय कार्यालय में कार्यालय सहायक पद पर तैनात महिला कर्मी पूनम उपाध्याय की ड्यूटी भी विधानसभा चुनाव में लगा दी गई है, जबकि वह दिव्यांग होने के कारण निर्वाचन कार्य कराने में असमर्थ हैं।