सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 29 जनवरी से चलेगा। इस संबंध में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सीएमओ डा.प्रताप सिंह ने नगर संस्थान केन्द्र स्कूल सिविल लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली मा.कांशीराम चिकित्सालय, सदनशाह चौराहा, नहर से होते हुए वापस संस्थान केंद्र पर समाप्त हुई। अभियान 03 फरवरी तक चलाया जाएगा। 06 फरवरी को बी टीम कार्य करेगी। इस अभियान में कुल 805 बूथ और 456 हाउस टू हाउस टीमें और 25 ट्रांजिट टीमें बनायी गयी हैं, जिसके लिए 125 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं। बूथ पर प्रात: 9 बजे से सायं 4 बजे तक और घर-घर भ्रमण टीमों का समय सुबह 9 बजे से 3 बजे तक होगा। शाम को सभी ब्लॉकों और जिला स्तर पर सायं कालीन बैठक का आयोजन किया जायेगा। अभियान में कुल लक्षित बच्चों की संख्या 205749 है।
अभियान में मुख्य रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, घुमन्तू आबादी ईंट भत्तों खदानों में काम कर रहे मजदूरों के साथ रहने वाले छोटे बच्चों को आच्छादित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.जेएस बख्शी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा.मुकेश दुबे, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा.डीसी दोहरे, जिला मलेरिया अधिकारी, अति. जिला सूचना अधिकारी के.बी. मिश्र, सुमित कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।