तालबेहट (ललितपुर)। ग्राम पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद अब रंजिश का दौर शुरू हो गया है। कहीं गाली- गलौज तो कहीं मारपीट तक हो जा रही है। ऐसा ही एक मामला तेरई फाटक पुलिस चौकी क्षेत्र के सेरवांसकला गांव में प्रकाश में आया है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ की। खाने का सामान बिखेर दिया। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी केशव नाथ ने दोनों पक्षों को समझा- बुझाकर मामला शांत कराया, लेकिन तनातनी बनी हुई है।
ग्राम सेरवांसकला निवासी गोपाल सहरिया के घर उसकी भतीजी की बुधवार की देर शाम शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। इसी बीच गांव के कुछ लोग जो चुनाव में इनसे नाराज थे अपनी खुन्नस निकालने के लिए उसके आंगन में पहुंच गए और सामान तोड़ते हुए मारपीट शुरू कर दी। गोपाल और उनके परिजनों संग आए मेहमानों ने विरोध किया तो उन्हें भी मारापीटा और बाहर बन रहे खाने का सामान फेंक दिया।
गोपाल के परिजनों ने तेरई फाटक चौकी पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। इस पर उन्होंने तेरई फाटक पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी को घेर लिया। सूूचना पर क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी तालबेहट सेरवांसकला पहुंचे और वस्तु स्थिति को संभालते हुए लोगों से धैर्य बनाए रखने को कहा और कोतवाली बुलाया। ग्रामीणों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी केशवनाथ से चौकी इंचार्ज पर एक पक्षीय कार्य करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि सेरवांसकला में दो पक्षों में मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों में से किसी की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।