ललितपुर। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय (पुरुष) में कोविड- 19 के अंतर्गत बनाए गए हॉस्पिटल का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से पूछताछ कर व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। निर्देश दिए कि मरीज को बिना उपचार के वापस न भेजा जाए।
जिलाधिकारी बुधवार की शाम जिला चिकित्सालय पहुंचे और कोविड- 19 के अंतर्गत बनाए गए हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों अमित साहू, विधि अग्निहोत्री आदि से से पूछताछ कर उनके उपचार, दवा, ऑक्सीजन आपूर्ति, खानपान गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं साफ- सफाई आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपस्थित चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ को निर्देश दिए कि उपरोक्त कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। चिकित्सालय में इलाज हेतु आने वाले मरीजों को किसी भी दशा में बिना उपचार के वापस नहीं किया जाए, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो। यह भी निर्देश दिए कि वर्तमान में कोविड-19 के दृष्टिगत जनपद के चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सकों एवं अन्य स्टॉफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टॉफ का अधिकाधिक सहयोग लें, ताकि चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को लाभ मिल सके। चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखें, ताकि कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।