मूल रूप से एमपी के भोपाल का निवासी था मृतक
कस्बा राजघाट के रानीपुरा क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजघाट बांध की ग्राम रानीपुरा के पास से निकली नहर में नहाते समय शनिवार की दोपहर को मध्य प्रदेश के भाेपाल बैरागढ़ निवासी 68 वर्षीय राजू की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
चौकी राजघाट प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के भोपाल शहर के बैरागढ़ निवासी राजू राजघाट क्षेत्र में अपने साथी के साथ कबाड़ खरीदने के लिए आया था। शनिवार को वह रानीपुरा के पास से निकली राजघाट बांध की नहर पर गया। यहां वह नहाते समय गहरे पानी में चला गया और पानी में डूब गया। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण वहीं पहुंचे और उसे नहर के बाहर निकाला। लेकिन तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।