ललितपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सोमवार को सीएचसी बार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो डाक्टर समेत आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। गायब डाक्टरों और कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार का निरीक्षण किया। चिकित्साधिकारी डा. महेश गुप्ता मौजूद मिले, जबकि डा. अनिल शाक्या एवं डा. रोहित गुप्ता अनुपस्थित पाए गए। डा. अनिल शाक्या का अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र मौजूद पाया गया, लेकिन उसे स्वीकृत नहीं किया गया था और न ही चिकित्साधिकारी को इसकी जानकारी थी। डिलेवरी प्वाइंट पर तैनात एएनएम चंद्रकांता, स्टाफ नर्स आशा गौतम एवं एमपीडब्ल्यू भगवत अनुपस्थित मिले। 11 बजे एमपीडब्ल्यू भगवत एवं चंद्रकांता उपस्थित हो गए। लेकिन, एमपीडब्ल्यू भगवत 22 मई से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। डेली डायरी भी नहीं भरी थी, जिस पर एमपीडब्ल्यू का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। एएनएम और स्टाफ नर्स सीएचसी पर निवास नहीं कर रही थीं, इस कारण उनक ा वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।
एचईओ रीना गुप्ता मैटरनिटी अवकाश पर चल रही हैं, उनके अभिलेखों की जांच के निर्देश दिए गए। जेएसवाई का भुगतान चेक से होते देख सीएमओ ने सभी भुगतान पोर्टल से करने की चेतावनी दी। आरबीएसके की कम प्रगति तथा एनआरसी में कुपोषित बच्चों का वजन अपेक्षित नहीं बढ़ने पर सुधार की हिदायत दी गई। सीएमओ का कहना है कि अनुपस्थित पाए गए डा.अनिल शाक्या एवं रोहित गुप्ता का भी वेतन रोका गया है। रोहित गुप्ता के बारे में अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिनकी जांच कराई जाएगी।