संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पूर्व विधायक फेरनलाल अहिरवार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तुवन चौराहा पर पूर्व विधायक के पुतले पर जूता चप्पलों की माला पहनाई। घंटाघर तक नारेबाजी करते हुए पैदल यात्रा निकाली और पुतले का दहन कर गिरफ्तारी की मांग की।
गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी से नाराज बसपा कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया था। इस दौरान बसपा के पूर्व विधायक फेरनलाल अहिरवार ने गृह मंत्री के साथ देवताओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे हिंदू संगठनों में काफी नाराजगी है। कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी, लेकिन अब हिंदू संगठन इस मामले में गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
रविवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तुवन चौराहा पर एकत्रित होकर पूर्व विधायक का पुतला बनाया और उसे जूता चप्पलों की माला पहनाते हुए घंटाघर तक पैदल यात्रा निकाली। घंटाघर पर बजरंग दल के कार्यकर्ता ने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से इस मामले में आरोपी पूर्व विधायक को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। इस दौरान विभाग मंत्री सचिन दुबे, जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, विक्की बाबा, बालकिशन, अंशुल पाठक, कीरत बाबा, बलराम पचौरी, शेखर चंदेल, शुभम सेन, सनराज यादव आदि शामिल रहे।े