- छात्र और अभिभावकों का विवरण एकत्रितकर प्रेरणा पोर्टल पर करेंगे अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठवीं तक के छात्रों के लिए ड्रेस, जूता-मौजा, स्वेटर, स्कूल बैग सहित स्टेशनरी के लिए अभिभावकों के खातों में डीबीटी की धनराशि को बैंक खातों में पहुंचाने को लेकर विभाग विवरण अपलोड करने में जुट गया है।
जिले में 1357 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इनमें करीब 1.70 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए बेहतर शिक्षा मिल सके। इसके लिए शासन की ओर से छात्रों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं। जिसमें छात्रों को निशुल्क किताबें, मिड-डे मील योजना के तहत विद्यालय में ही गर्म खाना बनाकर खिलाया जाता है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ष नवीन शैक्षिक सत्र में ड्रेस, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग सहित स्टेशनरी खरीदने के लिए शासन की ओर से डीबीटी के जरिए अभिभावकों के बैंक खातों में 1200 रुपये पहुंचाए जाते हैं। इन रुपयों से अभिभावक अपने बच्चों के लिए ड्रेस, जूता-मौजा, स्वेटर, बैग सहित स्टेशनरी खरीदता है। इस साल 1 अप्रैल से नवीन शैक्षिक सत्र शुरू हो चुका है। साथ ही विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के तहत नए छात्र-छात्राओं को विद्यालयों में प्रवेश कराने की प्रक्रिया चल रही है। इस नवीन शैक्षिक सत्र में डीबीटी की धनराशि बैंक खातों में पहुंचाने के लिए शासन ने हाल ही में बीएसए को एक पत्र जारी किया। जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग पास आउट, प्रोन्नत होने वाले और नव प्रवेश पाने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इस पर बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालय से पास आउट, प्रोन्नत होने वाले और नवीन प्रवेश लेने वाले छात्रों व उनके अभिभावकों का विवरण जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही छात्रों व उनके अभिभावकों का विवरण जुटाकर इसे प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।