संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों के लिए संचालित गहन चिकित्सा इकाई में ईको मशीन खराब पड़ी है। इससे मरीजों के वॉल्व और हृदय संबंधी जांच नहीं हो पा रही है। यही नहीं वेंटिलेटर का भी हाल बेहाल है। इससे मरीजों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन तक नहीं मिल पा रहा है।
नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिलने के बाद भी अव्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है। गहन चिकित्सा इकाई में हृदय रोगियों के उपचार के लिए स्थापित वेंटिलेटर खराब पड़े हैं। वार्ड में स्थापित छह वेंटिलेटर शोपीस साबित हो रहे हैं।
सीसीयू में ऑक्सीजन लाइन की सुविधा नहीं है। बीते माह पूर्व किए गए निर्माण में लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, तब से अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। वर्तमान में महज कंसंट्रेटर से ऑक्सीजन दिया जा रहा है।
सीसीयू में वॉल्व और हृदय संबंधी जांचों के लिए ईको मशीन स्थापित की गई थी, जो लंबे समय से धूल फांक रही थी। लगभग दो वर्ष पहले इसे चालू किया गया था, अब यह मशीन खराब पड़ी है। इससे मरीजों के वॉल्व की गति की जांच नहीं हो रही है। प्रतिदिन मरीजों को रेफर किया जा रहा है।
-
मेडिकल कॉलेज स्थित सीसीयू में वेंटिलेटर व ईको मशीन के खराब होने की जानकारी है। संबंधित को पत्र लिखा जाएगा।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ