संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट-कड़ेसराकलां। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने सर्दी के बावजूद पवित्र बेतवा नदी और मानसरोवर तट पर डुबकी लगाकर भगवान सूर्य को अर्ध्य दिया। दान-पुण्य कर समीप के मंदिरों में दर्शन भी किए।
सोमवार को मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त में सुबह कोहरा रहा। इसके बावजूद लोगों ने बेतवा नदी के तट झरर घाट और माताटीला स्थित सीतापाठ सहित मानसरोवर स्थित हजारिया बाहर कोट, मंदिर घाट, भीतर कोट हजारिया मंदिर, मंदिर घाट, गुर्ज घाट पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। बाहर कोट हजारिया मंदिर, डाक बंगला हनुमान मंदिर, मेहरावन माता मंदिर, सीतापाठ आदि स्थानों पर खिचड़ी भोज आयोजित हुआ। भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
संवाद
जामनी नदी के तट पर पांडव वन मेला में पहुंचे हजारों श्रद्धालु
डोंगरा खुर्द (पाली)। विंध्याचल पर्वत शृंखलाओं के बीच जामनी नदी के तट पर स्थित पांडव वन धाम में नव दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया। यहां दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने स्नान कर मंदिरों में माथा टेका। साथ ही प्रकृति के अनुपम दृश्य का आनंद लिया। संवाद
बच्छ सागर तालाब में लगाई डुबकी
बार (ललितपुर)। बच्छ सागर तालाब में जहां लोगों ने डुबकी लगाई एवं नौगारेश्वर मंदिर पर पूजा-अर्चना की, वहीं लोगों ने खिचड़ी का प्रसाद भी वितरण किया। बाबा अमरनाथ के नाम से मशहूर झूमर नाथ धाम पर भी लोगों ने भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इसी प्रकार दुनातर, भदेश्वर, विष्णु मंदिर चिगलौआ, शहजाद नदी पर देवरान घाट आदि जगह पर लोगों ने स्नान एवं दान पुण्य किया।
-
लगा सिद्दन का मेला
जखौरा (ललितपुर)। जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मैनवारा के पास बेतवा नदी के तट पर मेला का आयोजन किया गया। बेतवा के दूसरे किनारे मध्य प्रदेश से जुड़े बामौर, खिसलौनी, पिपरा गांवों से नदी पार करके पैदल लोग सिद्ध बाबा के दर्शन कर यहां लगने वाले मेले का आनंद लिया। मेला 22 जनवरी तक चलेगा।
-
किया गया खिचड़ी वितरण
बांसी। श्रीलाल जी महाराज मंदिर पर श्रद्धालुओं को खिचड़ी का वितरण किया गया। इस दौरान अखिलेश खरे, डाॅ. एसके सिकदार, गजानंद सुमन, संत दास, राहुल सुमन, अंशुल पटवा, रोहित घनघोरिया, रोनू बुखारिया, शैलू गुप्ता, कुंवरलाल सेन, खेमचंद नामदेव, अमित सिकदार, राहुल राजा, भैया यादव, अभिषेक शुक्ला, केहर यादव, ओमशंकर नामदेव, जीतू गुप्ता, गौरव झा, मोंटी गुप्ता, गुल्ले साहू, विकेंद्र यादव, संजू नामदेव, वीरू गुप्ता, अज्जू गुप्ता, देवेंद्र नामदेव, रज्जू कंकने, विक्की सोनी, हैप्पी गुप्ता, संजू सुमन आदि मौजूद रहे।
कुंडेश्वर धाम पर भक्तों ने लगाई डुबकी
महरौनी। सीमावर्ती टीकमगढ़ जिले के कुंडेश्वर धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने जमडार नदी में डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने कुंडेश्वर भोलेनाथ के दर्शन कर दान पुण्य किया। मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालु की भगवान भोलेनाथ हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। इधर, अंजनी माता के मंदिर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। सुंदरकांड का पाठ भी हुआ।
नीलकंठेश्वर मंदिर पर लगी भक्तों की भीड़
पाली। नीलकंठेश्वर मंदिर पर सुबह से तांता लगा रहा। लोगों ने भगवान के शंकर के दर्शन कर विश्व शांति की कामना की। यहां आयोजित मेला का भी आनंद उठाया। इस मौके पर पुलिस फोर्स तैनात रहा।
रणछोड़ धाम पर उमड़ी भक्तों की भीड़
पाली-जाखलौन। धौर्रा स्थित जंगल के मध्य बेतवा के तट पर स्थित रणछोड़ धाम पर लगे मेले में पहुंचकर राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ ने जायज़ा लिया। श्री विष्णु महायज्ञ की परिक्रमा कर पूजन कर धर्म लाभ लिया। इस दौरान रणछोड़ धाम के महंत बलराम पुरी महाराज, सोनू चौबे, प्रबंधक धीरज सिंह यादव, अध्यक्ष व्यवस्थापक कृष्णानंद महाराज, वीरसिंह यादव, कोषाध्यक्ष सनमान सिंह यादव, उपकोषाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह यादव, राजा भैया बीना, शिशुपाल सिंह यादव आदि मौजूद रहे ।