संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। साइबर ठगी से बचने के लिए सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने ठगी से बचने के लिए जानकारी दी। जिलाधिकारी कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पंपलेट वितरित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इंटरनेट हर उम्र के लोगों की जरूरत है। इसके इस्तेमाल में साइबर अपराध या साइबर फ्रॉड होने की आशंकाएं बढ़ गई हैं। इसलिए इंटरनेट का प्रयोग बहुत सतर्कता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल में डाटा सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड डालें। फिंगरप्रिंट या फेसलॉक का प्रयोग करें। ईमेल आईडी, बैंकिंग एप, यूपीआई आदि का पासवर्ड बदलते रहें। साइबर अरेस्ट जैसे फोन कॉल आने पर डरें नहीं, बल्कि तत्काल नजदीकी साइबर थाने में सूचना दें। उन्होंने बताया कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें। अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित रखें।
वास्तविक कूरियर सेवाएं बिना बुकिंग किए पार्सल के लिए कोई शुल्क नहीं लेतीं। उच्च लाभ के प्रति प्रेरित करने वाले ऑनलाइन निवेश ऑफरों से बचें। अपने मोबाइल पर एप्स की नियमित जांच करें।अनुपयोगी एप्स हटा दें। कोई सरकारी एजेंसी (पुलिस, सीबीआई, ईडी) वीडियो या वॉयस कॉल के माध्यम से आपकी जांच या गिरफ्तारी नहीं कर सकती। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी अर्पित जैन ने बताया कि कमी भी कॉल पर अपनी संवेदनशील जानकारी जैसे ओटीपी, आधार, पैन कार्ड या बैंक विवरण साझा न करें। इस दौरान साइबर सेल से एसआई राहुल सिंह, गौतम पुनिया, ओएसडी अनिल दीक्षित, प्रमेंद्र, अक्षय, चंद्रमणि पांडेय, सुमित कुमार, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।