पाली। कस्बे में जमीन पर कब्जा करने वाले माफिया लगातार जमीन पर कब्जा कर करते चले जा रहे है। इस बार उन्होंने दान में दी गई अस्पताल की जमीन पर भी कब्जा कर लिया। एसडीएम से की गई शिकायत के बाद उन्होंने इसे संज्ञान में लेते हुए अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए है।
कस्बा पाली निवासी शैलेंद्र दीक्षित ने ज्ञापन में बताया कि कस्बे में अस्पताल की मांग बरसों से चल रही है। दो दशक पहले कस्बा पाली में अस्पताल निर्माण की संभावना बड़ी। जमीन के अभाव में अस्पताल दूर न चला जाए, इसलिए एक एकड़ जमीन रजिस्टर्ड दान पत्र द्वारा दी गई, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते अस्पताल का निर्माण संभव नहीं हो पाया। इस कारण दान में मिली जमीन अपने हाल पर बनी हुई है।
शिकायतकर्ता ने ज्ञापन में बताया कि एक एकड़ जमीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए राज्यपाल द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी के नाम से वर्ष 1998 में दान पत्र द्वारा दी गई थी। जमीन तक पहुंचने के लिए पांच मीटर चौड़ा रास्ता भी दिया था, लेकिन अभी तक अस्पताल का निर्माण न किए जाने से कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। रास्ते की जमीन बेचने की फिराक में हैं। जमीन को सुरक्षित करने की मांग की है। एसडीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए अवैध कब्जा हटवाए जाने के लिए थानाध्यक्ष पाली को निर्देश दिए है।