ललितपुर। बुधवार रात में राज्यमंत्री पुत्र और ट्रैफिक विभाग के एएसआई के बीच बालू के डंपर निकालने को लेकर हुआ विवाद तूल न पकड़े इसके लिए अधिकारियों ने दोनों को कूल करा दिया। बुधवार रात में मामले को लेकर घुसयाना पुल से लेकर कोतवाली तक में हंगामा होता रहा, लेकिन शुक्रवार तक मंत्री पुत्र और एएसआई की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। सूत्र बताते हैं कि मामला राज्यमंत्री से जुड़ा होने और वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ तक पहुंचने पर अफसर पूरी सक्रियता से दोनों पक्षों को समझाने में जुटे रहे। हालांकि मामले की जांच सीओ सिटी कर रहे हैं और जांच में जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई भी अधिकारियों के रुख पर ही निर्भर करेगी।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार की रात को पिसनारी तिराहा होते हुए घुसयाना पुल से बालू के डंपर निकाले जा रहे थे। जिस पर पिसनारी तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई ने जब डंपरों को रोक दिया, उसी दौरान राज्यमंत्री के एक बेटे का एएसआई से विवाद हो गया था। जिस पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गाली गलौज कर मारपीट तक के आरोप लगाए। बाद मेें दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए थे, जहां भी देर रात तक हंगामा होता रहा।
एक समय तो मंत्री पुत्र द्वारा एएसआई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर तक लिखी जाने लगी थी, लेकिन बाद में तहरीर नहीं दी जा सकी। हालांकि मंत्री पुत्र द्वारा मीडिया में इस मामले में एएसआई के खिलाफ शिकायती पत्र जारी करते हुए आरोप जरूर लगाए गए हैं, लेकिन कोतवाली में कोई शिकायत नहीं दी गई। वहीं मंत्री पुत्र पर मारपीट करने का आरोप लगाने वाले एएसआई ने भी अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। बताया जाता है कि मामले की जानकारी मिलने पर अफसर सक्रिय हो गए थे। लखनऊ तक मामले की गूंज होने पर जिले के बड़े अफसरों को दोनों पक्षों को कूल कराने के लिए कहा गया था। बताया जाता है कि इसके चलते ही दोनों ओर से आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि बाद में पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी से जांच कराए जाने की बात कही। मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने और तहरीर न मिलने के सवाल पर अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं मामले में बालू के अवैध खनन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मंत्री के बड़े बेटे ने यह साफ किया है उनके पास न तो डंपर हैं और न ही बालू की कोई लीज है, लेकिन मंत्री पुत्र द्वारा डंपरों को रोके जाने पर ट्रैफिक एएसआई से उलझना सवाल खड़े कर रहा है।
फूंक-फूंककर कदम रख रहे अधिकारी
बीते तीन माह पूर्व पाली थाना में किशोरी से दुष्कर्म प्रकरण, अमरपुर मंडी के सामने पूर्व प्रधान की जलकर मौत में बवाल होने के बाद पुलिस अब किसी भी मामले में फूंक-फूंककर कदम रख रही है। यही वजह है कि मंत्री पुत्र व ट्रैफिक एएसआई के विवाद को पुलिस ज्यादा तूल नहीं देना चाहती है और पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।