ललितपुर। मेडिकल कॉलेज प्रशासन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा करता है। लेकिन चिकित्सकों की उदासीनता के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को भी यही स्थिति देखने को मिली, जब कई विभागों में चिकित्सक निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों की ओपीडी सुबह आठ बजे से संचालित होती हैं। चिकित्सकों को इसी समय आकर मरीजों को परामर्श देना होता है। हालांकि, सीनियर और जूनियर रेजीडेंट तक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। शनिवार को सुबह नौ बजे संवाद न्यूज एजेंसी ने पड़ताल की। इसमें मानसिक रोग विभाग, बाल रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग और दंत रोग विभाग में कोई चिकित्सक नहीं मिला। सुरक्षा क्लीनिक पर भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इन पांच विभागों में सवा घंटे तक चिकित्सक न पहुंचने से मरीज इंतजार करते रहे। कई मरीज तो दर्द से परेशान होकर निजी अस्पतालों की ओर चले गए।
मेडिसिन विभाग में जूनियर रेजीडेंट
मेडिकल कॉलेज में अधिकांश मरीज मेडिसिन विभाग में पहुंचते हैं। इस विभाग की दो-दो कक्षों में ओपीडी संचालित की जा रही हैं। शनिवार को सुबह नौ बजकर दस मिनट तक कोई भी सीनियर चिकित्सक ओपीडी में नहीं आया। दोनों ओपीडी कक्ष में केवल जूनियर रेजीडेंट ही मरीजों को उपचार दे रहे थे। मरीजों को इसकी जानकारी न होने के कारण वे उपचार कराकर वापस लौट रहे थे।
इन विभागों में मौजूद मिले चिकित्सक
मेडिकल कॉलेज के भूतल पर संचालित कुछ विभागों में चिकित्सक मौजूद मिले। हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में डॉ. शुभम असाटी और डॉ. एमसी गुप्ता मरीजों का उपचार कर रहे थे। नाक, कान, गला रोग विभाग में सहायक आचार्य डॉ. अनुपम मिश्रा, डॉ. अरविंद निरंजन और जेआर समेत अन्य उपस्थित थे। त्वचा रोग विभाग में डॉ. मुकेश सेठ ओपीडी में मरीजों को परामर्श दे रहे थे। वहीं, सर्जरी विभाग में डॉ. डीके राज मरीजों को उपचार देते नजर आए।
मेडिकल कॉलेज में कुछ विभागों में चिकित्सकों के समय पर न आने की जानकारी हुई है। इस पर सभी से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इसके बाद लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. गजेंद्र सिंह, सीएमएस