संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मोहल्ला नेहरूनगर स्थित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ रही हैं। यहां ड्रेसिंग रूम में ताला जड़ा है। पैथोलॉजी भी कर्मचारी न हाेने से सूनी नजर आई। अस्पताल परिसर में शौचालय की सुविधा तक नहीं है।
अधिकारी भले ही स्वास्थ्य इकाइयों पर बेहतर सेवाएं मुहैया कराने का दावा कर रहे हों, लेकिन धरातल पर हकीकत इसके उलट है। इसका खुलासा तब हुआ, जब बृहस्पतिवार दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर अमर उजाला की टीम नेहरूनगर के नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां ड्रेसिंग रूम में ताला लगा नजर आया। पैथोलॉजी कक्ष में तैनात कर्मचारी नदारद रहा। अस्पताल में चिकित्सक भी नहीं थे। ओपीडी खाली पड़ी थी। ऐसे में अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
-
खुले में पड़ी है पलंग
अस्पताल के भवन की हालत यह है कि दो कमरों में संचालित हो रहा है। इसके अलावा दो अन्य छोटे-छोटे कक्ष हैं, इसमें एक में पैथोलॉजी चल रही है तो दूसरे में दवा वितरण हो रहा है। एक कक्ष में चिकित्सक की ओपीडी है। दूसरे कमरे में स्टॉफ नर्स बैठती हैं। इसी कमरे में एक पलंग पड़ा हुआ है। वहीं, दूसरा पलंग कक्ष के अभाव में टीनशेड में खुले में पड़ा है।
-
शौचालय का है अभाव
अस्पताल में एक शौचालय है, जो महिलाओं के लिए आरक्षित है। दूसरा शौचालय अटैच होने से लोगों को समस्या होती है। यहां मूत्रालय न होने से मरीजों को परेशानी होती है। यही नहीं बीते दिनों से मोटर खराब होने से पानी की सप्लाई तक ठीक से नहीं हो रही है। हालांकि, वर्तमान में पानी की अधिक समस्या नहीं है। बोरिंग का पानी मरीजों को मिल रहा है।
-
अस्पताल में चिकित्सक समेत अन्य कर्मचारी नियुक्त हैं, दोपहर में उनके न मिलने की जानकारी हुई है। इसकी जांच कराई जाएगी और सुविधाओं में सुधार कराया जाएगा।
- डाॅ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी