ललितपुर। केंद्र सरकार द्वारा आयुष चिकित्सकों को ऑपरेशन करने की अनुमति का अधिकार दिए जाने से नाराज निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले हड़ताल रखी। इस दौरान उन्होंने अपने-अपने क्लीनिकों पर मरीजों को नहीं देखा। इससे मरीज परेशान रहे।
भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत आयुर्वेद के विशेष क्षेत्रों में पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टरों को ऑपरेशन करने के लिए प्रशिक्षण दिए जाने की अनुमति दी गई है ताकि ट्यूमर और मोतियाबिंद सहित सभी गंभीर रोग में ऑपरेशन कर उन्हें रोग से निजात दिला सकें। इस संबंध में एसोसिएशन के सचिव डॉ. विकास जैन का कहना है कि आयुष चिकित्सकों को ऑपेरशन की अनुमति दे दी गई है। इसका इंडियन मेडिकल एसोसिएशन विरोध कर रही है। कहा कि जिस क्षेत्र की ट्रेनिंग में पांच साल लग जाते हैं वहीं आयुष चिकित्सकों को कुछ ही समय के प्रशिक्षण के बाद कैसे ऑपरेशन करने की अनुमति केंद्र सरकार ने दे दी। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सकों द्वारा किए जाने वाले ऑपरेशन के दूरगामी परिणाम मरीजों के हित में अच्छे नहीं होंगे। इसके विरोध में शुक्रवार को जनपद के सभी चिकित्सकों ने सुबह से ही अपनी ओपीडी स्थगित रखी। अध्यक्ष डॉ. एनके जैन ने बताया कि सरकार का यह निर्णय पूरी तरह गलत है और जबतक सरकार इस निर्णय को नहीं बदलेगी हम विरोध करेंगे। इसके विरोध में डॉ. आरके अग्रवाल, डा. आरपी श्रीवास्तव, डा. सुधीर नजा, डा. राजीव जैन, डा. राजकुमार जैन, डा. अनुपम मिश्रा, अनुराग चौधरी सहित जिले के सभी निजी चिकित्सकों ने अपने- अपने क्लीनिक पर सुबह से ही मरीज नहीं देखे।
------------------
आयुष चिकित्सक डा. दीपक दूबे ने कहा कि हम लोग सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सकों का यह कार्य निंदनीय है। उन्हें हमारा सहयोग करना चाहिए और उत्साहवर्धन करना चाहिए ताकि हम भी उनके साथ कंधे से कंधा मिला सकें।
---------