ललितपुर। जिला चिकित्सालय व सीएमओ कार्यालय में कई चिकित्सक व कर्मचारी कोरोना संक्रमण के शिकार हैं। इसके चलते उनका उपचार चल रहा है। ऐसे में कई चिकित्सीय सुविधाएं भी प्रभावित हो गई हैं, हालांकि जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवा ही होने के कारण किसी प्रकार स्वास्थ्य सेवाएं चल रहीं हैं।
जिला चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक व अन्य स्टाफ लगातार कोरोना संक्रमण की चपेट में आता जा रह है। इसके चलते कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। बीते कुछ दिनों में जहां जिला चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों में डा. एमके गुप्ता, डा.डीके राज, डा.एलबी गुप्ता कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वहीं, सीटी स्कैन मशीन के संचालन में दो स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। इसी प्रकार यहां लैब टेक्नीशियन पद पर तैनात 11 स्वास्थ्य कर्मचारी व पांच वार्ड ब्याय भी कोरोना पॉजीटिव हैं। ऐसे में जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, हालांकि, जिला चिकित्सालय प्रशासन द्वारा पूर्व में संक्रमित सीटी स्कैन कर्मचारियों के ठीक होने पर अब फिर से उनसे काम लेना शुरू कर दिया है। वहीं सीएमओ कार्यालय में तैनात दो चिकित्सक डा.हुसैन एवं डा.देशराज भी कोरोना संक्रमित हुए हैं। वहीं, सीएमओ कार्यालय में कई कर्मचारी भी संक्रमित हैं। ऐसा ही हाल अधिकांश सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर भी है, जहां कई कर्मचारी कोरोना संक्रमित होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं।
-
-जिला चिकित्सालय में कुछ चिकित्सक व कर्मचारी कोरोना पॉजीटिव हैं, लेकिन जो कर्मचारी ठीक हो गए हैं और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, उनसे कुछ काम लेना शुरू किया है। इमरजेंसी सेवा लगातार सुचारुहै और यहां उपलब्ध चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों से लगातार ड्यूटी के अनुसार काम लिया जा रहा है।
-डा.अमित चतुर्वेदी, सीएमएस।