- जिला उद्योग बंधु की बैठक में चंदेरा में एकल फीडर बनाने के लिए दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पीएम विश्वकर्मा के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करें, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने यह निर्देश जिला उद्योग बंधु की बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने नए औद्योगिक आस्थान बीघा खेत की प्रगति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त की, साथ ही एक माह में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को चंदेरा में नए फीडर की स्थापना के लिए स्टीमेट तैयार करने, खनन अधिकारी को जनपद में स्थित खनन से संबंधित इकाइयों तक विद्युत लाइन पहुंचाने के लिए खनन विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उद्यमी संगठनों की मांग पर मिनी औद्योगिक आस्थान के संदर्भ में तालबेहट में एक हैंडपंप एवं एक हाईमास्क लाइट की व्यवस्था क्रिटिकल गैप से करने की सहमति प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि नए औद्योगिक आस्थान के निर्माण के लिए भूमि चिंह्ति की जाए एवं उद्यमी संगठनों की मांग पर चंदेरा औद्योगिक आस्थान में चाहरदीवारी के निर्माण के लिए औद्योगिक आस्थान की जमीन का चिंह्नकन कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडेय, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, उपायुक्त उद्योग अतहर जमाल, सीओ सदर अजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, उपायुक्त उद्योग अतहर जमाल, सहायक प्रबंधक उद्योग संजय यादव, व्यापारियों में कमलेश सराफ, मुकेश जैन आदि मौजूद रहे।