ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने नवीन विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों के निर्धारित 71 प्रपत्रों पर माह जनवरी तक की प्रगति की बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने नहरों की सही ढंग से सफाई न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए टेल तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या का मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने एंटी भू-माफिया के तहत सभी विभागों की सहकारी भूमियों पर कब्जों की समीक्षा की। जिन विभागों की प्रगति शून्य है, उन्हें प्रगति में सुधार लाने को कहा। साथ ही नहरों की की गई साफ सफाई पर नाराजगी जताते हुए, पानी को टेल तक पहुंचाने के अफसरों को दिशा निर्देश दिए। निराश्रित गोवंशों की समीक्षा में बताया गया कि 23,480 गोवंशों के सापेक्ष 22,720 गोवंशों की टैगिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में वृद्धावस्था के 45669 एवं निराश्रित महिला पेंशन के कुल 19309 लाभार्थी हैं। वहीं, आगे बताया कि आगामी 11 फरवरी को सामूहिक विवाह का कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराए जाएंगे। जनपद में 1,584 स्वयं सहायता समूहों के गठन के लक्ष्य के सापेक्ष 1399 समूहों का गठन किया जा चुका है। लंबित पेयजल योजनाओं का कार्य जून तक पूर्ण कराने के लिए कहा। जनपद में 150 नये आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 104 भवनों का निर्माण ही पूर्ण हो पाया हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बताया गया कि वार्षिक लक्ष्य 18392 के सापेक्ष 12890 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। जल्द से जल्द निर्धारित लक्ष्य को पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए बलराम वर्मा आदि उपस्थित रहे।