निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में दिव्यांग मतदाताओं द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन बृहस्पतिवार कलक्ट्रेट से घंटाघर होते हुए वापस डीएम कार्यालय तक किया गया। डीएम डॉ. रूपेश कुमार ने बृहस्पतिवार को दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी रैली में भाग लिया।
डीएम डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि आयोग की मंशा है कि 23 फरवरी को आयोजित होने वाले मतदान में सभी दिव्यांग भाग लें। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार विकलांग मतदाताओं हेतु बूथों पर उनको मतदान में भाग लेने से संबंधित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं। दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली में प्रतिभाग करने के लिए बड़ी संख्या मेें जनपद के दिव्यांग मतदाताओं के साथ-साथ विभिन्न स्कूल, कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं द्वारा भाग लिया गया और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। निर्देश हैं कि विकलांग मतदाताओं हेतु चिह्नित मतदेय स्थलों पर रैंप, आवश्यकता होने पर व्हील चेयर की व्यवस्था की जाये तथा ईवीएम में ब्रेल लिपि की सुविधा उपलब्ध करायी जाये। विकलांगों हेतु मतदेय स्थलों पर पहुंच की सुविधा तथा समुचित पार्किंग की व्यवस्थायें भी करायी जायें। निर्वाचन आयोग का यह भी निर्देश है कि स्वीप (मतदाता जागरूकता) कार्यक्रम के माध्यम से विकलांग मतदाताओं को भलीभांति जागरूक करते हुए उन्हें अधिक से अधिक संख्या में मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर मतदान के लिए प्रेरित किया जाये। आज के मतदाता जागरूकता रैली मेें विकलांग मतदाताओं के द्वारा मतदाता जागरूकता से सम्बंधित नारे लगाते हुए ‘‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’’ जागरूकता रैली निकाली गई। यही नहीं विकलांग मतदाताओं ने इस रैली के माध्यम से यह भी संदेश दिया कि ‘‘मत देना अपना अधिकार, बदले में न लें उपहार’’ और ‘‘आपका मतदान, लोकतंत्र की जान, बूढ़े हों या हो जवान, सभी करें अपना मतदान’’ ‘‘जन जन को जगाना है मतदान कराना है’’ आम जनमानस को विभिन्न प्रकार के प्रलोभनों से दूर रहने का नारा दिया गया कि ‘‘जो बांटे साड़ी, दारू, नोट। उसको कभी न देना वोट’’ मतदाता जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर तुवन चौराहा, घण्टाघर होते हुए वापस कलैक्ट्रेट चौराहे पर समाप्त हुई। रैली के समापन पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने रैली में भाग ले रहे सभी मतदाताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया तथा कहा कि सभी विकलांग बंधु आगामी 23 फरवरी को आयोजित होने वाले मतदान में सक्रिय रूप से भाग लें। आज की इस विकलांग मतदाता जागरूकता रैली में जिला विकास अधिकारी देेवेंद्र प्रताप, जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी वर्मा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद्र राय, जिला विकलांग जन विकास अधिकारी अजीत कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री बृजेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज राजेंद्र कुमार त्रिपाठी सहायक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एनएल शर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिकाओं के साथ ही अनंत तिवारी सहित बृजमोहन तिवारी, मुकेश योगी, हेमंत ग्वाला, सौरभ जैन, अमित जैन, अजीत वर्मा और अन्य विकलांग बंधु तथा विकलांग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग उपस्थित रहे।