संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की पहल पर जिला पूर्ति कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है। इसका शुभारंभ बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह प्रदेश का पहला जिला पूर्ति कार्यालय है, जिसमें ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है। इसके पूर्व दो अक्तूबर को कलक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई थी। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली का उद्देश्य शासकीय कार्य प्रणाली को पारदर्शी बनाते हुए पेपरलेस करना है। अब किसी भी फाइल को ऑनलाइन एक स्तर से दूसरे स्तर तक बिना किसी पेपर वर्क के मिनटों में प्रेषित किया जा सकेगा, जिससे अधिकारी कहीं से भी प्रकरण का संज्ञान लेकर निस्तारण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ललितपुर प्रदेश का दूसरा जिला है, जहां इतने कम समय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है। जिलाधिकारी कार्यालय में 111 फाइलों का निस्तारण किया जा चुका है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार भारतीय, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह उपस्थित रहे।