फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: शराब पार्टी में पैर दबाने को लेकर विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ललितपुर। शहर के वर्णी जैन कॉलेज के पीछे शनिवार देर रात रक्तरंजित अवस्था में मिले युवक की हत्या उसके ही दोस्तों ने शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में कर दी थी। आरोपियों ने बेल्ट और लोहे की रॉड से पीटकर उसकी हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सीढ़ियों से घसीटकर सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर छह घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया।
मोहल्ला नई बस्ती, पुराना सूचना केंद्र, गाजर पैलेस निवासी 30 वर्षीय राजकुमार पंथ उर्फ छन्नू का शव शनिवार रात वर्णी जैन कॉलेज के पास गुरुनानक धर्मशाला के सामने सड़क पर पड़ा मिला था। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे।
विज्ञापन

मृतक की मां राधाबाई की तहरीर पर पुलिस ने सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन निवासी सिविल लाइन, गजेंद्र नरवरिया उर्फ गजेंद्र सिंह निवासी पुराना सूचना केंद्र और गौरव रैकवार निवासी वर्णी कॉलेज क्षेत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। सीओ सदर सुनील भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीमों ने फोरेंसिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी राही जैन ने बताया कि उसके घर पर शराब पार्टी चल रही थी, जिसमें राजकुमार को भी बुलाया गया था। शराब के नशे में उन्होंने राजकुमार से पैर दबाने को कहा। इस बात पर विवाद हो गया और गुस्से में आकर तीनों ने बेल्ट व लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए शव को घर से बाहर निकालकर गुरुनानक धर्मशाला के पास सड़क पर रख दिया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
-
शराब पार्टी के दौरान छत पर बने बाथरूम में नहाया था राजकुमार
पुलिस जांच में सामने आया कि सुबह से चल रही शराब पार्टी के दौरान गर्मी लगने पर राजकुमार ने राही जैन के घर की छत पर बने बाथरूम में स्नान किया था। इसके बाद ही उसके और अन्य युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।

शव को सीढ़ियों से घसीटकर सड़क तक लाए, खून के निशान धोए
राजकुमार की मौत होने के बाद आरोपी राही जैन ने घटना को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की। वह शव को सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे लाया और सड़क पर छोड़ दिया। इस दौरान मृतक के शरीर से अंडरवियर भी उतर गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छत और सीढ़ियों पर पानी डालकर खून के निशान मिटाने का भी प्रयास किया।
-
सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज
शुरुआत में राही जैन ने पुलिस को गुमराह करते हुए दावा किया कि राजकुमार सीढ़ियों पर फिसलकर गिर गया था। हालांकि, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह खुद शव को सीढ़ियों से घसीटकर सड़क पर ले जाता दिखाई दिया। फुटेज दिखाए जाने पर उसने पूरी वारदात स्वीकार कर ली।

माही सेक्स स्कैंडल मामले में भी जा चुके हैं जेल
हत्या के मामले में गिरफ्तार राजनायक उर्फ राही जैन के खिलाफ चार और गजेंद्र सिंह के खिलाफ करीब आठ मुकदमे विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। दोनों वर्ष 2017 के चर्चित माही सेक्स स्कैंडल प्रकरण में भी आरोपी रहे हैं। उस मामले में दोनों जेल जा चुके हैं और बाद में जमानत पर रिहा हुए थे।
विज्ञापन

-
शराब पार्टी के दौरान पैर दबाने को लेकर हुए विवाद में तीनों आरोपियों ने राजकुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। अपराध छिपाने के लिए शव को सड़क पर रखकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
— कालू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें