ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर में साबुन के फैन जैसे पानी की आपूर्ति का अभी तक समाधान नहीं हो सका है। इतना ही नहीं, कम आपूर्ति की भी समस्या बरकरार है। इसके चलते स्थानीय लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
मोहल्ला नेहरू नगर में रेलवे अस्पताल के पीछे की गलियों में चार दिन बाद सूखी पाइप लाइनों में पानी पहुंचा। जब नल आए तो लोग खुश हो गए लेकिन यह खुशी कुछ ही पलों की रह गई। जब पाइप लाइन से साबुन जैसा झाग वाला पानी आया तो लोगों को इसे फेंकना पड़ा। इस पानी से बदबू भी आ रही थी। इस दौरान कुछ लोगों के यहां नल से पानी टपका। नल से मात्र पांच-दस मिनट की आपूर्ति हुई और पानी चला गया। इससे किसी को चार डिब्बा पानी मिला तो किसी को वह भी नसीब नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि जब तक पाइप लाइन में भरकर पानी नही आएगा, तब तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी पहुंचना बेहद मुश्किल है। लोग सुबह से ही नल के आने का इंतजार करने लगते हैं और इस आशा बैठे रहते हैं कि आज हमें पानी मिलेगा। जब नल से पानी नहीं मिलता है तो उनके चेहरे पर मायूसी छा जाती है। कई लोग जल संस्थान के अधिकारियों को कोसते हुए नजर आते हैं। इसके बाद बर्तन उठाकर हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए दौड़ पड़ते हैं। जब हैंडपंप से पानी भरकर लाते हैं तो कई लोगों का शरीर पसीने से तरबतर हो जाता है। ऐसे लगता है कि मानो उसने नहा लिया हो। विभागीय अफसर पाइप लाइन से गलियों में पानी पहुंचाने के मामले में सिर्फ खानापूर्ति करते दिखते हैं। हकीकत यह है कि यहां के लोग कोई साइकिल पर डिब्बा टांगकर तो कोई टैक्सी या हाथ ठेला में डिब्बा रखकर पानी भर रहा है।
कर्मियों ने सुबह देखी सप्लाई
जल संस्थान के कर्मियों ने मोहल्ला नेहरू नगर में सुबह की जलापूर्ति अपनी आंखों से देखी। इस दौरान कई लोगों ने पानी नहीं आने व साबुन जैसा पानी आने की शिकायत की है। संस्थान कर्मियों का कहना है कि अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेजा था। जो भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है।
संजीव कुमार, सहायक अभियंता, जल संस्थान