बार क्षेत्र में आ रहा गंदा एवं मटमैला पानी
- फोटो : LALITPUR
बार/ललितपुर। कस्बा बार के निवासी गंदा एवं मटमैले रंग का पानी पीने को विवश हैं। इसमें जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर हो रही है। पानी फिल्टर करने की जगह सीधे तालाब से आपूर्ति की जा रही है। इससे गंदे व मटमैला पानी आने की समस्या बनी हुई है।
कस्बा बार, ग्राम धमना, लड़वारी, गेदौरा, फरारी, दसरारा, भेलौनी लोध, धनगौल, चुनगी, बमोरी सहना आदि गांव में जल संस्थान द्वारा पेयजल की आपूर्ति कस्बा बार स्थित तालाब से की जाती थी। विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। वर्तमान में केवल कस्बा बार में ही संस्थान द्वारा सप्लाई की जा रही है। इस आपूर्ति में गंदा एवं बदबूदार पानी की शिकायत लंबे से की जा रही है लेकिन उसका समाधान नहीं किया जा रहा है। पहले तालाब के पानी का फिल्टर किया जाता था पर अब पानी को साफ नहीं किया जाता है। विद्युत मोटर के जरिए सीधा तालाब से पानी उठाकर कस्बे में सप्लाई कर दी जाती है, जिससे गंदा एवं बदबूदार पानी नलों में आ रहा है। जल संस्थान विभाग के मात्र 2 मजदूरों के भरोसे पानी की सप्लाई है। संस्थान का अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी यहां आता नहीं है, ऐसे में यहां की जनता किसी से शिकायत भी नहीं कर पाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कोरोनाकाल में शुद्ध पानी की आपूर्ति करें। बार निवासी आशीष रिछारिया ने बताया कि कई बार ग्रामीणों ने शिकायत की पर आज तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिससे लोगों को गंदा एवं बदबूदार पानी पीने के लिए विवश होना पड़ रहा है।