ललितपुुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला तालाबपुरा में जमीन कब्जाने व मारपीट से क्षुब्ध एक युवक ने रविवार को घंटाघर चौराहे पर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेेलकर आत्मदाह का प्रयास किया, यह देख लोग सकते में आ गए, चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और उसे पकड़ लिया। वरना युवक खुद को आग लगा लेता। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शहर के एक बड़े व्यापारी नेता और एक सीए समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
तालाबपुरा निवासी सौरभ जैन पुत्र कोमलचंद जैन ड्राइवरी करता है। वह सुबह 11:30 बजे थाना कोतवाली के तहत शहर के घंटाघर चौराहे पर पहुंचा और अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलने लगा। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले उसने तेल अपने ऊपर डाल लिया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा। यह देख चौराहे पर हड़कंप मच गया। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आग लगाने से पहले ही युवक को पकड़कर अपने साथ थाने ले गई।
वहां युवक ने पुलिस को बताया कि शहर के कुछ प्रतिष्ठित लोगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की है इसी से क्षुब्ध होकर वह आत्मदाह कर रहा था।
पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका एक प्लॉट तालाबपुरा डोंड़ाघाट में है। उसने प्लॉट पर तार फेंसिंग कराई थी। लेकिन मोहल्ला तालाबपुरा निवासी नरेंद्र कड़ंकी, राजेश चंद्रा, संजीव जैन सीए व विजय पहलवान द्वारा जेसीबी मशीन से तार फेंसिंग हटाकर अपना कब्जा करने में लगे हैं।
रविवार की सुबह वह मौके पर पहुंचा और उन लोगों को कब्जा करने से रोका तो सभी ने उसके साथ गाली- गलौज करते हुए लात- घूसों से पिटाई कर दी। मोहल्ले के लोगों ने आकर बीच- बचाव किया। युवक के अनुसार उन लोगों ने धमकी दी है कि यदि कार्रवाई की तो वह लोग झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सौरभ जैन की तहरीर पर व्यापारी नेता नरेंद्र कड़ंकी, राजेश चंद्रा, संजीव जैन सीए व विजय पहलवान के खिलाफ गाली - गलौज कर, मारपीट करने और जमीन कब्जाकर तार फेंसिंग तोड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
----------
जमीन के विवाद का मामला है। इस कारण पीड़ित ने मिट्टी का तेल डाला था। मारपीट के मामले में शिकायतीपत्र मिलने पर दोषियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- संजय कुमार शुक्ला, कोतवाली प्रभारी