स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को चलाने वाले कर्मी ही अपने कार्यालय भवन को साफ-सुथरा नहीं रख पा रहे हैं। भवन के बेसमेंट की गैलरी को न केवल आवारा जानवरों ने डेरा बना लिया है, बल्कि आसपास के दुकानदार उसमें गंदगी फैलाने का काम कर रहे हैं। वहीं, पानी की बड़ी टंकी के पास कंटेनर के बाहर कूड़ा पसरा है तो करीम नगर से निकली नाली व भरतपुरा हाउस के पास से निकली नाली बजबजा रही है। ऐसे में नगर की साफ-सफाई का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
जनपद को दिसंबर माह तक खुले में शौच से मुक्त बनाना है। इसे ध्यान में रखकर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद भी नगर की साफ-सफाई का बुरा हाल है। नगर पालिका परिषद कार्यालय के बेसमेंट को लंबे समय से नहीं खोला गया है। जिस वजह से विभागीय कर्मियों का ध्यान इस ओर नहीं है।
बृहस्पतिवार को अमर उजाला की टीम ने साफ-सफाई की हकीकत जानी। सुबह दस बजे तालाबपुरा छतदार कुआं के पास नाली की सफाई नहीं हुई थी तो कूड़ाघर में कूड़े का ढेर लगा था। दोपहर 12 बजे करीम नगर में नाली में गंदगी का अंबार पाया गया। दोपहर तीन बजे आजादपुरा भरतपुरा हाउस के पास नाली बजबजा रही थी। दोपहर साढ़े तीन बजे नगर पालिका परिषद कार्यालय के बेसमेंट की गैलरी में आवारा जानवर डेरा जमाए थे तो गैलरी में संतरा, मौसमी के छिलके पड़े थे। शाम चार बजे पानी की बड़ी टंकी के पास कंटेनर की जगह नीचे कूड़े का ढेर लगा था। प्रसाधन की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। महिला थाना के पास मूत्रालय बेहद गंदा पाया गया। यही नहीं, उसके पास निकली नाली गंदगी से पटी पड़ी थी। इससे नगर की साफ सफाई की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इससे पहले सुबह आठ बजे नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने मुख्य खाद्य एवं साफ निरीक्षक आरके लवानिया ने आजादपुरा व लक्ष्मीपुरा का निरीक्षण किया था।
तालाबपुरा में 10 बजे के बाद कूड़ा एकत्रित होने के बाद उठाया जाता है। भरतपुरा हाउस के पास नाली बजबजाने के लिए हो रहे निर्माण को वजह बजाया। उन्होंने मूत्रालय की सफाई नहीं होने पर अनभिज्ञता जाहिर की।
- आरके लवानियां
मुख्य खाद्य और सफाई निरीक्षक ललितपुर।