सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता करते बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने कहा कि देवगढ़ पर्यटन स्थल का खजुराहो की तर्ज पर विकास किया जाएगा। सर्किट हाउस में हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इसे टूरिस्ट हब बनाते हुए देवगढ़ मेले का आयोजन होगा, साथ ही आफिस भी खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि देवगढ़ के विकास में जैन समाज के लोग सहयोग करें। पंचायत चुनाव के उपरांत देवगढ़ के विकास की रूपरेखा सामने आ जाएगी। जनपद में एयरपोर्ट स्वीकृत हो चुका है। वहीं, ग्राम सैदपुर में बल्क ड्रग पार्क बनने जा रहा है, इससे राजस्व बढ़ेगा, साथ ही देश-विदेश के लोगों का आना बढ़ जाएगा। इसके अलावा मेडिकल भी खुलने जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में बीस घंटे बिजली मुहैया कराने की बात ऊर्जा मंत्री से हो गई है। मथुराडांग में बालिका इंटर कॉलेज खोलने के लिए स्वीकृति प्रदान हो गई है। उन्होंने कहा कि जनपद बांधों के लिए पहचाना जाता है लेकिन यहां सिंचाई की समस्या है। इसे ध्यान में रखकर जल शक्ति मंत्री दौरे पर आने वाले हैं। उन्होंने माना कि बोर्ड के गठन से बुंदेलखंड का संपूर्ण विकास नहीं है, इसके लिए पृथक प्रांत बनना आवश्यक है। बोले कि बुंदेलखंड विकास बोर्ड के माध्यम से कई कार्य हुए हैं। इनमें झांसी में गाइड कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स स्टेडियम, ललितपुर में एयरपोर्ट, महोबा में सौ का बेड अस्पताल, महोबा में फूूड पार्क की मंजूूरी शामिल है।
------
गोवंश के लिए जेल बन गई हैं अस्थाई गोशालाएं : ओमकार
ललितपुर। विश्व हिंदु परिषद के प्रांतीय सह संयोजक ओमकार सिंह ने कहा कि अस्थाई गोशालाएं गोवंश के लिए जेल बन गई हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि शासन की योजनाओं पर धरातल पर काम नहीं हो रहा है। इस स्थिति के लिए प्रशासन के लोग जिम्मेदार हैं। गोशाला में मीडिया की आवाजाही पर लगाई गई रोक को उन्होंने गलत ठहराया। बोले, यदि ऐसा हुआ है तो यह मुख्यमंत्री की मंशा के विपरीत है। उन्होंने गोवंश के लिए कांग्रेस की पदयात्रा पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए स्वयं ही गोशाला जाने की बात कही।